रामनगर/नैनीताल , मार्च 11 -- उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रामनगर के पीएनजीपीजी महाविद्यालय में आयोजित ''युवा आकांक्षा कार्यक्रम - युवाओं की बात हरीश रावत के साथ'' कार्यक्रम में शिरकत की।

इस दौरान उन्होंने युवाओं की आकांक्षाओं को समझने पर जोर देते हुए कई समसामयिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी, पूर्व दर्जा मंत्री पुष्कर दुर्गापाल, पूर्व एवं वर्तमान छात्रसंघ पदाधिकारी तथा पूर्व व वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिभाग किया।

श्री रावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि युवा आकांक्षा एक महत्वपूर्ण विषय है और इसे समझना किसी भी समाज, राज्य और देश के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कुछ युवा साथियों ने उनसे आग्रह किया था कि वे युवाओं के साथ बैठकर उनकी बात सुनें, इसी उद्देश्य से वह यहां पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि वह युवाओं की आकांक्षाओं और समस्याओं को समझने आए हैं और यदि उनके सुझावों में कोई ऐसी बात सामने आती है जिसमें उनकी भूमिका की आवश्यकता होगी तो वह उसे आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

बदरी-केदार मंदिर समिति द्वारा उत्तराखंड के 47 मंदिरों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक के प्रस्ताव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह केवल प्रचार का विषय है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की उदार छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं होना चाहिए।

श्री रावत ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के उस बयान पर, जिसमें गैरसैंण विधानसभा भवन को बारात घर के रूप में उपयोग करने की बात कही गई थी, तंज कसते हुए कहा कि यदि ऐसा ही करना है तो उसे बारात घर नहीं बल्कि सत्संग भवन बना देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गैरसैंण से राज्य के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं और इस तरह के बयान उन भावनाओं का अपमान हैं।

उन्होंने पर्यटन नगरी रामनगर और नैनीताल में गैस की किल्लत के सवाल पर कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों में गैस की कमी की समस्या सामने आ रही है। राज्य सरकार को इस दिशा में तुरंत कदम उठाने चाहिए ताकि गरीब उपभोक्ताओं और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

श्री रावत ने अपने पुत्र आनंद रावत के रामनगर से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि अभी इस विषय पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित