रायपुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश महामंत्री यशवन्त जैन ने कहा है कि दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना के तहत रेल परिचालन शुरू होने से बस्तर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यह क्षेत्र आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ सकेगा।

श्री यशवन्त जैन ने रावघाट से रेल यात्रा कर रायपुर लौटने के बाद सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि रावघाट तक रेल सेवा का पहुंचना बस्तर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह केवल रेल यात्रा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और यहां के लोगों की लंबे समय से जुड़ी आकांक्षाओं के साकार होने का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि दशकों से जिस रेल सेवा की प्रतीक्षा की जा रही थी, वह अब धरातल पर उतर चुकी है। इस रेलमार्ग से लौह अयस्क परिवहन को सुविधा मिलेगी, वहीं भविष्य में यात्री रेल सेवाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों, विशेषकर आदिवासी समुदाय को भी लाभ होगा।

भाजपा नेता ने कहा कि यह परियोजना दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकसित की गई है, जो केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता तथा सुरक्षा बलों के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

श्री जैन ने कहा कि दल्लीराजहरा-रावघाट रेलमार्ग बस्तर क्षेत्र को आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा क्षेत्रीय विकास के नए अवसर सृजित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित