पटना , फरवरी 18 -- राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने बुधवार को बताया कि आगामी 21 फरवरी अंतरराष्ट्रीय सामाजिक न्याय दिवस एवं पार्टी के तीसरे स्थापना दिवस के अवसर पर बिहार के सभी जिलों में सदस्यता अभियान की शुरूआत की जाएगी।
श्री कुशवाहा ने आज पार्टी की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत कभी बेकार नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी जिलों एवं प्रखंडों में राष्ट्रीय लोक मोर्चा की पहचान कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है। उन्होंने बताया कि आगामी 21 फरवरी अंतरराष्ट्रीय सामाजिक न्याय दिवस एवं पार्टी के तीसरे स्थापना दिवस के अवसर पर बिहार के सभी जिलों में सदस्यता अभियान की शुरूआत की जाएगी।
रालोमो प्रदेश स्तरीय बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक आलोक कुमार सिंह तथा संचालन प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बिहार के सभी जिलों के संयोजक मंडल में मुख्य रूप से अतिपिछड़ा, दलित,महादलित, अल्पसंख्यक एवं महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाए।
बैठक को बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव सह विधायक माधव आनंद, विधायक श्रीमती स्नेहलता कुशवाहा,कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी एवं प्रशांत पंकज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संगठन मदन चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता फजल इमाम मल्लिक,राज्य खाद्य आयोग के सदस्य अंगद कुशवाहा, जंग बहादुर सिंह, बृजेंद्र पप्पू, ठाकुर धर्मेंद्र सिंह, समेत सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों ने संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित