लखनऊ , अक्टूबर 08 -- राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह की अध्यक्षता में कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, सदस्यता अभियान तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक रालोद कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की विचारधारा को लेकर समर्थन का पता चलता है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों, मजदूरों, ग्रामीण समाज और आम आदमी के हितों को राजनीति के केंद्र में स्थापित किया था। रालोद उसी विचारधारा और मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में संगठन को मजबूत और व्यापक बनाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री त्यागी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद, उनकी समस्याओं को समझना और उनके सुझावों को संगठनात्मक निर्णयों में महत्व देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं से बनती है।
उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित बैठकें करने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव, कस्बों और शहरों में लोगों के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को समझना और उन्हें संगठन के माध्यम से उठाना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझावों को संगठनात्मक स्तर पर उचित महत्व दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रालोद की विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। युवाओं, किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के साथ संवाद बढ़ाकर उन्हें संगठन से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ काम करने का आह्वान किया।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना प्रदेश संगठन की प्राथमिकता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन से जोड़ने और उसकी भूमिका को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय महासचिव एवं संसदीय बोर्ड के सदस्य अनिल दुबे ने कहा कि रालोद की विचारधारा हमेशा किसान, मजदूर, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों के हितों से जुड़ी रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि बैठक के दौरान अनिल दुबे की माताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की तथा अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों और संगठन को मजबूत बनाने के संबंध में सुझाव दिए।
बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सुरेश यादव, संसदीय बोर्ड सदस्य चंद्रबली यादव, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यालय प्रभारी कर्नल ब्रह्मपाल तोमर, विश्वेशनाथ मिश्रा, रजनीकांत मिश्रा, विमलेश पाठक, चंद्रकांत अवस्थी, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अम्बुज पटेल, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह समेत विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित