रायसेन , मार्च 7 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में ऐतिहासिक किले से तोप चलाते हुए आपत्तिजनक नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो में कुछ युवक रायसेन किले से तोप चलाते हुए धर्म विरोधी नारे लगाते दिखाई दे रहे थे, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ने की आशंका जताई गई।

नगर निरीक्षक नरेंद्र गोयल ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली रायसेन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (1) (ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी के साथ युसूफ शेख (चटाईपुरा, भोपाल), वसीम मोहम्मद (ऐशबाग, भोपाल) और पप्पू उर्फ सलमान कुरैशी (तलैया, भोपाल) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।

बताया गया है कि रायसेन के ऐतिहासिक किले से तोप चलाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था। वीडियो में युवक तोप दागते हुए नारे लगाते और ईरान का साथ देने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार यह वीडियो रमजान के दौरान रोजा खोलने की सूचना देने के समय बनाया गया था।

वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए इस पर सवाल उठाए। उन्होंने पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित किले से अवैध रूप से तोप चलाने और इससे नागरिकों के जीवन को खतरे में डालने की आशंका जताते हुए संबंधित अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले में रायसेन तहसीलदार भरत मांडरे ने वीडियो की जानकारी मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस को अवगत कराया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित