रायबरेली , सितंबर 7 -- रायबरेली सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राहुल गांधी के 8 सितंबर को रायबरेली आने की पुष्टि पार्टी सूत्रों ने की है, हालांकि उनके जिले में पहुंचने और विभिन्न कार्यक्रमों का अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के संभावित दौरे में महराजगंज क्षेत्र जाना भी शामिल हो सकता है। हाल के दिनों में भारी बारिश और जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में वह ग्रामीणों से मुलाकात कर सकते हैं और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले सकते हैं। इस दौरान प्रभावित लोगों से उनकी समस्याएं और नुकसान की जानकारी लेने की संभावना है।

इसके अलावा 8 सितंबर की शाम भुएमऊ में राहुल गांधी के विभिन्न डेलिगेशन से मुलाकात करने का भी संभावित कार्यक्रम बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक अलग-अलग वर्गों और संगठनों के प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं एवं विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी बात रख सकते हैं।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन की ओर से भी संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी 9 सितंबर को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि महराजगंज और भुएमऊ के कार्यक्रम अभी संभावित हैं और इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पार्टी सूत्रों ने राहुल गांधी के रायबरेली आने की जानकारी की पुष्टि की है, जबकि उनके जिले में भ्रमण और डेलिगेशन से मुलाकात का विस्तृत कार्यक्रम आधिकारिक रूप से सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित