रायबरेली , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के डलमऊ क्षेत्र में पुलिस ने 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने रविवार को बताया कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के अभियान के तहत थाना डलमऊ पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी वांछित नजमुद्दीन (36) निवासी सूफी टोला, थाना मीरगंज, जिला बरेली को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार-रविवार की देर रात करीब 1:35 बजे मकनपुर तिराहे के पास आईटीबीपी के सामने वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार दो लोगों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नजमुद्दीन घायल होकर पकड़ा गया, जबकि उसका साथी मोहम्मद सुबीन निवासी सिरस खेड़ा, थाना मुंढा पांडे, जिला मुरादाबाद अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस तथा कंटेनर बरामद किया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी पर गोवध, पशु क्रूरता और शस्त्र अधिनियम से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं तथा वह हाल ही में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में भी वांछित चल रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित