रायबरेली , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली के मिलएरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों की बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 42 किलोग्राम आतिशबाजी सामग्री बरामद की है। पुलिस सूत्रों से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिवाजी नगर में एक व्यक्ति अपने घर से बिना वैध लाइसेंस के अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहा है।
सूचना पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापा मारकर अमरजीत उर्फ गोल्डी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 42 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। बरामद सामग्री में दो कार्टन फैक्ट्री निर्मित पटाखे, छुरछुरिया, अनार, पटाखा मिर्ची, माचिस बम, महताब लाइट सहित अन्य आतिशबाजी सामग्री शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरजीत उर्फ गोल्डी पुत्र स्वर्गीय मंजीत सिंह निवासी मकान संख्या 177/06 शिवाजी नगर, थाना मिलएरिया, रायबरेली के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित