रायबरेली , सितम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली के महाराजगंज इलाके में पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों की आड़ में चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही 402 पेटी अवैध शराब बरामद कर शराब तस्करी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की बाजार में कीमत करीब 35 लाख रुपये है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक कंटेनर में भारी मात्रा में अवैध शराब लादकर त्रिपुला चौराहे से बाराबंकी की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर एसओजी व सर्विलांस, आबकारी विभाग तथा महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कंटेनर से पार्टी स्पेशल ब्रांड की 750 मिलीलीटर की 48 पेटी, 375 मिलीलीटर की 37 पेटी और 180 मिलीलीटर की 26 पेटी तथा ब्लू स्ट्रोक ब्रांड की 750 मिलीलीटर की 129 पेटी, 375 मिलीलीटर की 91 पेटी और 180 मिलीलीटर की 71 पेटी शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 402 पेटी शराब बरामद की गई। पुलिस का मोटा अनुमान है कि इनका बाजार में मूल्य करीब 35 लाख रुपये होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार शराब तस्करी के आरोपी की पहचान शाकिर निवासी ग्राम जलालपुर, थाना कुंदरकी, जिला मुरादाबाद के रूप में हुई है। वह ट्रक का चालक है। पुलिस के अनुसार शराब को फर्जी कर चालान, ई-वे बिल और अन्य दस्तावेजों में कीटनाशक व उर्वरक की पेटियां दर्शाकर चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह अपने मालिक सरताज अली पुत्र नन्हे निवासी गदीपुर, थाना कुंदरकी, जिला मुरादाबाद के साथ मिलकर चंडीगढ़ से शराब लाकर बिहार पहुंचाने का काम करता है। उसके अनुसार इस काम से उन्हें लाखों रुपये की कमाई होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित