रायबरेली , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के बछरावां क्षेत्र में होली के जश्न के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि होली के जश्न के दौरान एक पक्ष पर हमला किए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। बछरावां कस्बे में किन्नर पक्ष की गौरी पांडे के घर होली का जश्न मनाया जा रहा था, जहां कुछ मुस्लिम युवक भी होली खेल रहे थे। इसी दौरान मुस्लिम पक्ष के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद बढ़कर कहासुनी, धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तथा अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कराया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। घटना में लगभग सात लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें से दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने मामले में पांच महिलाओं और छह पुरुषों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में इदरीश (45), साहिल (19), आमिर (30), मोहम्मद आरिफ (33), अकबर (18), सुहेल (18), राबिया बानो (24), सानिया (18), आलिया (40), आफिया (19) और आशिया (22) शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी कस्बा बछरावां के किला मोहल्ला, वार्ड संख्या-2 के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित