रायबरेली , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले की गदागंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर नहर पट्टी जियायक चरुहार के पास संदिग्ध वाहन की जांच की गई। इस दौरान दखिनवारा खोडायपुर निवासी हरिकेश, गोविन्दपुर माधव निवासी कौशलेन्द्र सिंह उर्फ जालिम, सुरसना निवासी राजकमल सिंह तथा बारसी निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 4 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा तथा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ गदागंज थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कौशलेन्द्र सिंह उर्फ जालिम के खिलाफ पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी समेत छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हरिकेश के विरुद्ध तीन तथा राजकमल सिंह के खिलाफ दो आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। अमित कुमार के संबंध में किसी पूर्व आपराधिक इतिहास की जानकारी नहीं मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित