रायबरेली , अगस्त 5 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सलोन थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

पुलिस सूत्रों से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, दो अगस्त को डायल-112 के माध्यम से सलोन थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के पुत्र की तहरीर पर सलोन थाने में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस तथा अन्य वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया।

पुलिस ने बुधवार को सोनबरसा गांव निवासी मनोज पासी और विनोद कुमार को नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि मृतक की मां से उनका कहासुनी और विवाद हो गया था। इसी दौरान मृतक ने हस्तक्षेप कर उन्हें टोका, जिससे दोनों आक्रोशित हो गए। बाद में उन्होंने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा के तहत बढ़ोतरी की गई है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से न्यायायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित