रायबरेली , जुलाई 7 -- उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि रायबरेली जिले के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित पड़ेरा कृषि फार्म में प्रदेश का पहला स्वतंत्र उद्यान महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा।
मंगलवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में पांच कृषि विश्वविद्यालय संचालित हैं, लेकिन स्वतंत्र उद्यान महाविद्यालय नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने महाविद्यालय की स्थापना के लिए 22 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने को मंजूरी दे दी है।
राज्य मंत्री ने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में शैक्षणिक भवन, प्रशासनिक भवन, प्रयोगशालाएं, उद्यान, छात्रावास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। वहीं, संस्थान के समग्र विकास पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की स्थापना से रायबरेली सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को उद्यानिकी विषय में स्नातक और परास्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उद्यानिकी के क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
श्री सिंह ने इसे रायबरेली के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि इस संस्थान की स्थापना से क्षेत्र के शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित