रायबरेली , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बिजली कटौती, आंधी-तूफान में टूटे विद्युत खंभों समेत अन्य जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को महाराजगंज तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और अधिशासी अभियंता विद्युत को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव और बछरावां विधायक श्यामसुन्दर भारती ने किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के तत्काल समाधान की मांग उठाई। उन्होंने मौजूदा भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह समस्याएं देकर जनता को चिढ़ा रही है और समस्याओं का समाधान करने के बजाय जनता को परेशान कर रही है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और बिजली कटौती से आम लोग परेशान हैं तथा पेयजल संकट के कारण जानवरों तक को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक श्यामसुन्दर भारती ने कहा कि क्षेत्र की जनता सरकार के उत्पीड़न का शिकार हो रही है और बिजली विभाग के अधिकारी निरंकुश हो चुके हैं। उन्होंने खराब विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित