रायबरेली , जून 15 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के बछरावां कोतवाली क्षेत्र में सरकारी पानी की टंकी पर तैनात एक ऑपरेटर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान बिन्दा प्रसाद (45) के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग पांच माह से जल शक्ति योजना (ग्रामीण) के तहत निर्मित पानी की टंकी में संविदा कर्मचारी के रूप में ऑपरेटर का कार्य कर रहा था। सोमवार सुबह करीब सात बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार रविवार रात अज्ञात हमलावरों ने सोते समय बिन्दा प्रसाद पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित