रायबरेली , जून 24 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के खीरों थाना क्षेत्र में वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में जल कर मौत हो गई। घर के बरामदे में वृद्धा का बुरी तरह जला शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि फिरोजाबाद मजरे खीरों गांव निवासी रामावती (75) अपने घर में थीं। ग्रामीणों ने बताया कि तड़के सुबह करीब साढ़े तीन- चार बजे घर से आग की लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक वृद्धा का शरीर लगभग पूरी तरह जल चुका था केवल उसकी हड्डियां और खोपड़ी बची थी। बताया गया कि उसका लड़का अपनी मां से अलग रहता था और केवल उसकी पुत्री ही उसके पास आती जाती थी।

घटना की सूचना मिलने पर खीरों पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन की। पुलिस का कहना है कि वृद्धा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। बहरहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित