रायबरेली , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सूत्रों से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सिविल लाइन ओवर ब्रिज क्रॉसिंग के नीचे, कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस जब गुजर रही थी, तभी दोनों युवक रेलवे पटरी पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वे तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।

मृतक की पहचान नया पुरवा निवासी अल्लन घोसी (48) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक उसका छोटा भाई मेराज (32) बताया जा रहा है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली के सिविल लाइंस इलाके की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित