रायबरेली , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न हुआ। अंतिम मतदान प्रतिशत के अनुसार स्नातक वर्ग में 43.69 प्रतिशत और शिक्षक वर्ग में 65.72 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान स्नातक वर्ग की तुलना में शिक्षक वर्ग में अधिक मतदान हुआ। अपराह्न चार बजे तक स्नातक वर्ग में 40.23 प्रतिशत और शिक्षक वर्ग में 63.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इससे पहले अपराह्न दो बजे तक स्नातक वर्ग में 29.28 प्रतिशत और शिक्षक वर्ग में 52.65 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर 12 बजे तक स्नातक वर्ग में 15.47 प्रतिशत और शिक्षक वर्ग में 30.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जबकि सुबह 10 बजे तक स्नातक वर्ग में 4.47 प्रतिशत और शिक्षक वर्ग में 10.49 प्रतिशत मतदान हुआ था।
जिले में मतदान के लिए कुल 20 मतदान केंद्रों पर 61 बूथ बनाए गए थे। स्नातक वर्ग के 29,261 और शिक्षक वर्ग के 4,384 मतदाता पंजीकृत थे। मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित