रायबरेली , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के परसीपुर गांव में एक युवक का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला।

मृतक की पहचान साहिल (20) पुत्र अमृतलाल गौतम के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उसका शव कमरे की छत में लगी धन्नी से चुन्नी के सहारे लटका हुआ पाया गया। घटना के समय मृतक की मां और बहन खेतों पर गई थीं, जबकि छोटा भाई आदित्य घर के पास ही था। बताया गया कि जब आदित्य पीछे के रास्ते से घर के अंदर पहुंचा तो उसने साहिल को फंदे से लटका देखा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

परिजनों द्वारा युवक को नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहनिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित