रायबरेली , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने दो घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि कोड़ मजरे दहीगवा निवासी 70 वर्षीय रामप्यारी सिंह की शुक्रवार को हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि शिवम सिंह निवासी कोड़ ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी दादी की छोटी बहन रामप्यारी सिंह की हत्या पड़ोसी कपिल सिंह पुत्र श्याम सिंह निवासी कोड़, थाना शिवगढ़ ने कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर थाना शिवगढ़ पुलिस टीम ने ग्राम मदा का पुरवा स्थित नहर पुलिया के पास से आरोपी कपिल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वह अपने एक साथी के साथ शराब के नशे में शिवम के घर पहुंचा था, जहां आंगन में तख्त पर लेटने को लेकर रामप्यारी से विवाद हो गया। इसी दौरान उसने डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और बाद में गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव को कमरे में रखकर ढक दिया और अपने साथी के साथ फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित