रायबरेली , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार सुबह एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ से लटका मिला।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने नायलॉन की रस्सी से पेड़ पर लटका शव देखा और सूचना दी। मृतक की पहचान गोपालपुर निवासी रामनाथ कोरी (60) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि पत्नी की मृत्यु के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे और हाल में अपने भाई राम लखन के साथ कानपुर में रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में भाई से किसी बात को लेकर तकरार की भी जानकारी सामने आई है। बताया गया कि मृतक ने अपनी जमीन-जायदाद बेचकर भाई-भतीजों के नाम कर दी थी और अपने चार बेटियां और दो बेटे को कुछ नहीं दिया था। उनके बच्चे दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर रहते हैं और अभी तक गांव नहीं पहुंचे हैं। पुलिस को मृतक के कपड़ों से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की भी जानकारी दी गई है।
घटनास्थल के पास से पानी की बोतल और देशी शराब की शीशी भी बरामद होने की बात सामने आई है। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि नशे की हालत में घटना को अंजाम देकर शव को लटकाया गया हो, हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया है। फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और न ही मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित