रायबरेली , जुलाई 02 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के खीरों थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम बिजली गिरने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मिर्जापुर ग्राम सभा के सराय महमूद गांव निवासी विजय प्रताप पासवान के पुत्र अभिषेक (8) और पुत्री अंजलि (6) गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे तेज बारिश के दौरान एक छाते के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी खीरों लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही खीरों थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों शवों का पंचनामा गुरुवार रात ही भर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम भी रात में ही कराया जाएगा।

पुलिस और राजस्व विभाग आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित