रायबरेली , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर इलाके में बुधवार को होली खेलने के दौरान बच्चों के बीच हुआ विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। जिसमें एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे कथित रूप से एक-दूसरे के कपड़े फाड़कर होली खेल रहे थे। इसी दौरान एक नाबालिग बच्चे के धारदार हथियार से कपड़े फाड़ने के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महराजगंज के क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर में 10-15 वर्ष के बच्चों में होली खेलने के दौरान कपड़े फाड़ने के उद्देश्य से धारदार हथियार के उपयोग से सार्थक नामक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है तथा संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

घायल बालक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित