रायबरेली , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
जिलाधिकारी ने आज शनिवार को बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित पीईटी-2026 की परीक्षा जिले के 24 केंद्रों पर 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को होगी। परीक्षा छह पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 9,744 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार तीनों दिनों में कुल 58,464 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई है। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, लैपटॉप, कैलकुलेटर और इलेक्ट्रॉनिक घड़ी सहित सभी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। संबंधित अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा समाप्त होने तक अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अनुचित साधनों के प्रयोग पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, तहसीलदार सदर आकृति श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित