रायबरेली , जून 22 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के बछरावां क्षेत्र में सोमवार तड़के एक ट्रक और पिकअप में भिड़ंत के बाद लगी आग में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य झुलस गये। पुलिस ने बताया कि लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर पीठन गांव के पास तड़के करीब साढ़े चार बजे सीतापुर की ओर जा रहे सीमेंट लदे ट्रक में पीछे से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक के डीजल टैंक में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। पिकअप में सवार चार लोग आग की लपटों में घिर गए। पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान राजेश (42) की मृत्यु हो गई। अन्य घायल युवक अमर, रवि और मंगल का इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित