रायबरेली , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली के शहर इलाके में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है जिसमे 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर दंपति से 82.50 लाख की ठगी की गई ।पुलिस ने करीब 30-32 लाख रुपए की धनराशि बैंक खातों में होल्ड करा दी है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शहर के गोराबाजार, सम्राट नगर निवासी सेवानिवृत्त फौजी सूर्यभान सिंह और उनकी पत्नी गायत्री सिंह से साइबर अपराधियों ने 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर 82.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने खुद को सीबीआई का उच्च अधिकारी बताकर दंपति को यह कहकर डराया कि उनके बैंक खाते में आतंकवादियों का पैसा आया है और वे गंभीर जांच के दायरे में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, 11 अप्रैल से शुरू हुई इस ठगी में आरोपियों ने वीडियो कॉल और सामान्य कॉल के जरिए दंपति पर लगातार दबाव बनाया। उन्हें पांच दिनों तक 'डिजिटल अरेस्ट' में रखा गया, इस दौरान दंपति इतना सहम गया कि बच्चों और अपनी सुरक्षा के डर से उन्होंने पुलिस तक को सूचना नहीं दी। हालत यह रही कि वे हर समय मोबाइल अपने साथ रखते थे और बाथरूम तक फोन लेकर जाते थे, ताकि कॉल मिस न हो और जालसाजों के निर्देशों का पालन करते रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित