रायबरेली , मई 2 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर डंपर का टायर फटने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के महज तीन दिन बाद हुए इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि आज सुबह करीब आठ बजे कटघर गांव के पास इलाहाबाद की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर का टायर अचानक फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार जौनपुर निवासी रविन्द्र यादव, उनकी पत्नी श्वेता और पुत्र सहर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत एंबुलेंस से लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रेफर किया गया। वर्तमान में रविन्द्र और उनकी पत्नी की हालत में सुधार बताया जा रहा है, जबकि सहर्ष की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स रेफर किया गया है।
पुलिस ने डंपर और उसके चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित