रायबरेली , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे भोला मजरे कनौली गांव में मंगलवार सुबह सड़क किनारे बर्तन धो रही 70 वर्षीय महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि फूला देवी (70) पत्नी हरिश्चंद्र कुर्मी मंगलवार सुबह करीब पौने आठ बजे पूरे भोला अड्डे के पास अपने घर के सामने सड़क किनारे बैठकर बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर भदोखर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात ट्रक और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर कार्यवाही करते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित