रायबरेली , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर बिलिंग के जरिए टैक्स चोरी करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जीएसटी पंजीकरण कर करोड़ों रुपये के फर्जी लेनदेन दिखाकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने चार सिंगल मैदान के पास से दो आरोपियों नरेश कुमार (निवासी संजय नगर, सेक्टर-23, थाना मधुबन बापूधाम, जिला गाजियाबाद) और सचिन शर्मा (निवासी ग्राम गिरधरपुर तुम्मेल, थाना हापुड़, जिला हापुड़) को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को लोन दिलाने या अन्य कार्यों में मदद का झांसा देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते और मोबाइल नंबर हासिल करते थे। इन दस्तावेजों का दुरुपयोग कर संबंधित व्यक्तियों के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाई जाती थी और ओटीपी के माध्यम से जीएसटी पंजीकरण कराया जाता था।
इसके बाद फर्जी बिजली बिल और किरायानामा तैयार कर बोगस फर्में संचालित की जाती थीं तथा फर्जी बिल जारी कर विभिन्न कंपनियों और व्यापारियों को दिए जाते थे, जिससे बड़े पैमाने पर कर चोरी की जाती थी। इस मामले में थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित