रायबरेली , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1.25 लाख रुपये नगद के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने मंगलवार को बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने हनुमानपुर मोड़ के पास से शंकर प्रसाद सोनी पुत्र रामप्रसाद, निवासी भरतपुर पोस्ट रतापुर, थाना मिल एरिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 1,25,000 रुपये नगद बरामद किए गए। मामले में धारा 305 बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे में धारा 331(4)/317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।

पुलिस के अनुसार साकेत नगर निवासी शरद श्रीवास्तव ने चार फरवरी को परिवार सहित शादी समारोह में जाने के दौरान घर बंद किया था। छह फरवरी को लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखी नकदी व जेवरात चोरी पाए गए। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 47/26 दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फेरी लगाने का काम करता है और कर्ज में डूबा हुआ था। फेरी के दौरान उसने घर बंद देखा और पांच फरवरी की रात ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित