रायबरेली , सितम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के हरचंदपुर इलाके में ग्रामीण बैंक की जोहवाशर्की शाखा में खाताधारकों के साथ साइबर ठगी किए जाने के मामले में पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक लाख 75 हजार रुपये, चार स्मार्टफोन, तीन पासबुक और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद कुमार, शिवा मिश्रा, प्रसून जयंत और मिथलेश कुमार, सभी निवासी रायबरेली जिले के रूप में हुई है। उन्होने बताया कि बीते सोमवार को हरचंदपुर थाने पर ग्रामीण बैंक की जोहवाशर्की शाखा में लोगों के साथ साइबर फ्रॉड किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। सूचना पर साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी ने मौके पर जाकर जांच की तो कुछ बैंक खाताधारकों की बिना अनुमति अनधिकृत वित्तीय लेनदेन किए जाने की जानकारी सामने आई। मामले में हरचंदपुर थाने पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान हरचंदपुर, चंदापुर और साइबर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने बीते मंगलवार को दतौली लिंक रोड के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार तकनीकी सहायता से की गई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से साइबर ठगी की रकम, चार स्मार्टफोन, तीन पासबुक और दो एटीएम कार्ड बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका गिरोह सोशल मीडिया पर विदेशी व्यक्ति के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं से बातचीत करता था। इसके बाद शादी का झांसा देकर महंगे उपहार भेजने की बात कही जाती थी। बाद में गिरोह के सदस्य कस्टम अधिकारी बनकर फोन करते और महंगा उपहार आने तथा उस पर कर जमा करने के नाम पर संबंधित महिलाओं से रुपये उनके बैंक खातों में मंगवा लेते थे। इसके बाद चेक और एटीएम के माध्यम से रकम निकालकर आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित