रायबरेली , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने उसका शव बरामद कर लिया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि फतेहपुर जिले का निवासी साहिल (22) अपने परिजनों के साथ ननिहाल आया हुआ था। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह सरेनी क्षेत्र के पूरे मालिन गांव के निकट बंगला घाट पर गंगा स्नान करने गया था। उसके साथ तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। जिस स्थान पर युवक स्नान कर रहा था, वहां पक्का घाट नहीं था। इसी दौरान साहिल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। परिजनों के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। कई घंटे चले संयुक्त खोज अभियान के बाद साहिल का शव नदी से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरेनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित