रायबरेली , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र के पकरी अमीरन गांव में सोमवार देर रात एक युवक का शव कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद आज शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है। वह रविवार शाम गांव के पकरी गिरपत्ता मजरे में आयोजित भागवत कथा सुनने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसके पिता सुरेश कुमार ने भदोखर थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार रात करीब नौ बजे गांव में युवक का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया।

उन्होने बताया कि करीब दो महीने पहले मृतक के परिजनों और कुछ लोगो के बीच मारपीट हुई थी, जिसको लेकर मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने शक के आधार पर पुराने मुकदमे से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना की आशंका में से किसी की भी पुष्टि नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित