रायबरेली , जुलाई 7 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के पुलिया से टकराने के बाद सड़क किनारे पानी से भरी खाई में गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम और उसके दादा की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि प्रयागराज जिले के सिसवा गांव निवासी रवि कुमार अपने पिता हरिलाल कुमार, मां प्रतिमा यादव, पत्नी राजकेशरी, पुत्र आस्तिक यादव तथा दो भतीजों भीम और सक्षम के साथ रिश्तेदारी से लखनऊ के इंदिरानगर लौट रहे थे। सोमवार रात सवीसपुर चौराहे के पास वाहन चलाते समय रवि कुमार को झपकी आ गई, जिससे कार पहले पुलिया से टकराई और फिर सड़क किनारे पानी से भरी खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन का शीशा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय महिला शाहीन ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊंचाहार पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने उपचार के दौरान हरिलाल कुमार (63) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल डेढ़ वर्षीय आस्तिक यादव की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घायल रवि कुमार ने बताया कि वह स्वयं वाहन चला रहे थे। रास्ते में अचानक झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण खो बैठे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित