रायबरेली , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मिर्जापुर-लखनऊ मेला स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहे एक ही परिवार के छह यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूट के प्रयास का मामला सामने आया है। सभी पीड़ितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। जीआरपी सूत्रों ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि मिर्जापुर-लखनऊ मेला स्पेशल (ट्रेन संख्या 04113) से आ रहे यात्रियों को विन्ध्याचल स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर रायबरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पुलिस टीम ने ट्रेन पहुंचने पर जांच की और छह प्रभावित यात्रियों को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने सभी को 24 घंटे निगरानी में रखने की सलाह दी है।
पीड़ितों ने बताया कि वे विन्ध्याचल दर्शन कर लौट रहे थे। स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को यात्री बताकर उन्हें पानी पिलाया, जिसे पीने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। इस दौरान आरोपी ने एक महिला के पास से 500 रुपये लेकर फरार हो गया। सभी पीड़ित रायबरेली जिले के मिलएरिया थाना क्षेत्र के खसपरी गांव के निवासी हैं।
पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित