रायबरेली , जून 20 -- रायबरेली जिले की सलोन थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें, एक ई-रिक्शा, तीन अवैध तमंचे, तीन कारतूस तथा 4,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में रायबरेली शहर के बस स्टैंड, जिला अस्पताल चौराहा, सब्जी मंडी और प्रदर्शनी मेला समेत विभिन्न स्थानों से वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। गिरोह के सदस्य पहले रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी किए गए कुछ वाहनों के पुर्जे कबाड़ियों को बेच दिए जाते थे, जबकि कुछ वाहन अन्य लोगों को बेच दिए गए थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों से संबंधित मामले सलोन, डीह और नसीराबाद समेत विभिन्न थानों में दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित