रायबरेली , नवम्बर 2 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के ऊंचाहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पटाखों का भंडारण और बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब एक कुंतल 10 किलोग्राम आतिशबाजी सामग्री बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा के मद्देनजर एक और दो नवम्बर की रात क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ऊंचाहार कस्बे में विजय गुप्ता नामक व्यक्ति अपनी किराये की दुकान और गोदाम में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर रहा है। पुलिस का आरोप है कि वह बाजार से तैयार पटाखे लाकर चोरी-छिपे विभिन्न स्थानों पर उनकी बिक्री करता था।
पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां एक व्यक्ति आतिशबाजी सामग्री के साथ मौजूद मिला। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान वहां से लगभग 110 किलोग्राम यानी एक कुंतल 10 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय गुप्ता पुत्र स्वर्गीय मोहन लाल, निवासी बस स्टॉप, कस्बा एवं थाना ऊंचाहार, रायबरेली के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना ऊंचाहार में मुकदमा संख्या 310/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद आतिशबाजी सामग्री में 15.300 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखा, 33.300 किलोग्राम गड्डा पटाखा, 17.500 किलोग्राम गड्डा पटाखा, 12.900 किलोग्राम बड़ा गोला, 12.500 किलोग्राम बड़ा गोला, 15.100 किलोग्राम बड़ा गोला और 3.400 किलोग्राम लाइट पटाखे शामिल हैं। कुल बरामदगी लगभग 110 किलोग्राम बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि अवैध पटाखों के भंडारण व विस्फोटक सामग्री के अवैध संचालन को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित