रायपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बात पर गर्व व्यक्त किया है कि भाजपा का कार्यकर्ता कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी के द्वारा सौंपे गए दायित्व को पूरी ईमानदारी से समयबद्ध तरीके से पूरा करते हैं। साय ने सोमवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में रायपुर शहर जिला भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता पार्टी का आधार है प्रत्येक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित होती है।

भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सोमवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया। रायपुर शहर जिले के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि भाजपा स्थापना दिवस को लेकर विभिन्न कार्यक्रम पार्टी द्वारा तय किए गए हैं जिनमें एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम कार्यकर्ता सम्मेलन भी है। भाजपा रायपुर शहर जिला द्वारा कार्यक्रम की तैयारी 5 अप्रैल से ही कर दी गई थी और एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय को तोरण पताका से सजाया गया था।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता कठोर परिश्रम और निष्ठा से उन कार्यों को पूरा करते हैं इसीलिए भारतीय जनता पार्टी पार्टी विद डिफरेंट है। आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनी है। साय ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता साल भर पार्टी द्वारा दिए गए कार्यों को नीचे स्तर तक ले जाकर पहुँचने का कार्य करते हैं। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी का भी निर्वहन भाजपा का कार्यकर्ता एक जनसेवक बनकर करते हैं। साय ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के माध्यम से पूर्ण रूप से प्रशिक्षित कर उन्हें प्रखर बनाने का कार्य भी किया जाता है। उन्होंने भाजपा के 47वे स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जोश जुनून भाजपा के कार्यकर्ताओं में सदैव रहता है। भाजपा के कार्यकर्ता सेवा समर्पण भाव से कार्य करते हैं। हर कठिन परिस्थिति में भी पार्टी के द्वारा दिए गए कार्यों को पूरा करना भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्य शैली है। हमें अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व है जो हर परिस्थिति में भी सेवा करने के लिए तैयार रहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित