रायपुर , अक्टूबर 31 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान नागरिकों और रेलकर्मियों को ईमानदारी, पारदर्शिता तथा सत्यनिष्ठा अपनाने का संदेश दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रायपुर मंडल में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक 'समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा' विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत भ्रष्टाचार की रोकथाम और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
इसी कड़ी में डब्ल्यूआरएस मार्केट में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों को दर्शाया। प्रस्तुति के दौरान बताया गया कि भ्रष्टाचार समाज और देश के विकास में बाधक है तथा इसकी रोकथाम के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों और रेलकर्मियों से दैनिक जीवन एवं कार्यस्थल पर ईमानदारी और पारदर्शिता बनाये रखने की अपील की गयी। साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों और व्यक्तिगत जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया गया।
रेल प्रशासन ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य लोगों में नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित