रायपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देशानुसार शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष जनवरी में 130, फरवरी में 279 और मार्च में अब तक 540 वाहन चालकों सहित कुल 949 चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

विशेष अभियान के अंतर्गत बुधवार रात को शहर के पांच प्रमुख स्थलों-फुण्हर चौक, टेमरी चौक, ऊर्जा पार्क रोड, ऐश्वर्या बाजार और होटल लेवल तीन के सामने विधानसभा रोड-पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 58 नशे में धुत्त वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ चालान कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

यातायात पुलिस ने नागरिकों में फैली भ्रांति को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि अभियान किसी टारगेट के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जीवन-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल कानूनन अपराध नहीं है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों के लिए गंभीर खतरा भी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित