रायपुर , सितंबर 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ ने रविवार को यहां करीब 40 हजार लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 138वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।
आयोजकों के अनुसार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ कार्यक्रम सुनने को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ टीम ने विश्व रिकॉर्ड के रूप में घोषित किया।
श्री चुघ ने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 56 स्थित मंडी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कहा, "मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों की प्रेरक कहानियों, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सामने लाते हैं।"उन्होंने कहा कि रायपुर में करीब 40 हजार लोगों का एक साथ 'मन की बात' सुनना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं और लोगों के उत्साह तथा प्रधानमंत्री के प्रति विश्वास का प्रतीक बताया।
श्री चुघ ने कहा, "युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और कार्यकर्ताओं की इतनी बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि 'मन की बात' अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है।"कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित