रायपुर , अप्रैल 04 -- त्तीसगढ़ के रायपुर में इस वर्ष चार नए फ्लाईओवर के निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा इन परियोजनाओं के लिए कुल 360 करोड़ 35 लाख 93 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन फ्लाईओवर के निर्माण से शहर के व्यस्त यातायात को तेज, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने लंबे समय से लंबित इन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। शहरवासियों द्वारा इन फ्लाईओवर की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
विभागीय जानकारी के अनुसार, जी.ई. रोड पर गुरू तेग बहादुर उद्यान से तेलीबांधा स्थित नेताजी सुभाष चौक तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए 172 करोड़ 86 लाख 28 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा रिंग रोड क्रमांक-2 में सोनडोंगरी चौक पर ओवरपास के लिए 43 करोड़ 89 लाख 17 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसी तरह वी.आई.पी. रोड स्थित फुंडहर चौक में ओवरपास निर्माण हेतु 56 करोड़ 7 लाख 35 हजार रुपये तथा अटल पथ एक्सप्रेस-वे पर फुंडहर चौक में ग्रेड सेपरेटर के लिए 87 करोड़ 53 लाख 13 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित