रायपुर , जुलाई 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को भारतीय रेलवे ने बड़ी सौगात देते हुए 250 थ्री-फेज इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के विकास हेतु 175 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।
इस परियोजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर स्थित हाई हॉर्स पावर (एचएचपी) डीजल शेड में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव और परिचालन के लिए आधुनिक अवसंरचना विकसित की जाएगी।
रेलवे के अनुसार होमिंग सुविधा का आशय किसी लोकोमोटिव को ऐसे शेड में स्थायी रूप से आवंटित करने से है, जो उसके प्राथमिक रखरखाव केंद्र के रूप में कार्य करता है। यहां निर्धारित अंतराल पर सुरक्षा निरीक्षण, नियमित मेंटेनेंस तथा तकनीकी देखभाल की जाती है, जिससे लोकोमोटिव का सुरक्षित एवं दक्ष संचालन सुनिश्चित हो सके।
रेलवे ने बताया कि इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव बेड़े में लगातार हो रहे विस्तार तथा माल एवं यात्री परिवहन की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना स्वीकृत की गई है। अतिरिक्त होमिंग सुविधाएं विकसित होने से रायपुर डिपो के मौजूदा संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और भविष्य में तकनीकी विस्तार के लिए भी पर्याप्त आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित