रायपुर , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास कार्रवाई कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 2.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, थाना टिकरापारा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक गौरीशंकर सिंह को 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड के गेट नंबर-1 के पास एक युवक पीले रंग के थैले में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शैफ अली उर्फ बाबू जीएसटी ऑफिस (31 वर्ष), निवासी बोरियाखुर्द आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा बताया। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके पास मौजूद पीले रंग के थैले की तलाशी ली। इस दौरान थैले से खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से पैक एक पैकेट बरामद हुआ, जिसमें गांजा रखा हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित