रायपुर , जून 16 -- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में 18 से 20 जून तक राजस्व अनुभाग स्तर पर तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए नए पंजीयन, त्रुटि सुधार तथा समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

जिला प्रशासन से मंगलवार को प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

तिल्दा-नेवरा विकासखंड में 18 जून को नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा, 19 जून को शासकीय हाई स्कूल खपरीकला तथा 20 जून को सांस्कृतिक भवन खरोरा में शिविर लगाए जाएंगे।

आरंग विकासखंड में 18 जून को नगर पंचायत भवन समोदा, 19 जून को शासकीय हाई स्कूल रसनी और 20 जून को मंगल भवन मंदिर हसौद में पंजीयन शिविर आयोजित होंगे। धरसींवा विकासखंड में शहीद स्मारक भवन जीई रोड तथा मंगल भवन धरसींवा में 18 से 20 जून तक नागरिकों को योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

इसी तरह अभनपुर विकासखंड में 18 जून को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अभनपुर, 19 जून को सामुदायिक भवन नेहरू घाट नयापारा तथा 20 जून को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोरपा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार सभी शिविरों का आयोजन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से किया जाएगा। नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा पंजीयन संबंधी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित