रायपुर , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 18 से 20 सितंबर तक 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), स्टार्टअप, निवेश, रोजगार, तकनीक और नवाचार से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को साझा मंच मिलेगा।
लघु उद्योग भारती की ओर से साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में आयोजित मेले में प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं और युवाओं को देशभर के उद्योगपतियों, खरीदारों और निवेशकों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। फेयर में उत्पाद एवं तकनीक प्रदर्शनी, बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) बैठकें, निवेशकों से संवाद, जॉब प्लेसमेंट ड्राइव, विशेषज्ञ सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य अतिथियों की भी मौजूदगी रहेगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी कृष्ण गोपाल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
मेले में बी2बी बैठकों के माध्यम से निर्माता, वितरक, डीलर, सप्लायर, खरीदार और निवेशक आपस में कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा कर सकेंगे। इसका उद्देश्य प्रदेश के छोटे और मध्यम उद्यमों को नए बाजार, खरीदार, तकनीकी सहयोग और निवेश के अवसर उपलब्ध कराना है।
आयोजन में जॉब प्लेसमेंट ड्राइव भी होगी, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को उद्योगों एवं कंपनियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद तथा व्यावसायिक विचार प्रदर्शित करने और निवेशकों से संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
तीन दिनों के दौरान उद्यमिता, उद्योग संचालन, बाजार विस्तार, नई तकनीक, व्यवसाय प्रबंधन और नवाचार जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ की लोक कला, संगीत और नृत्य की प्रस्तुति होगी।
आयोजकों का कहना है कि फेयर के माध्यम से खनिज, कृषि एवं वन उत्पाद, ऊर्जा, इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, प्रौद्योगिकी, ऑटोमोबाइल, निर्माण और सेवा क्षेत्र में प्रदेश की औद्योगिक एवं निवेश संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित