रायपुर , अक्टूबर 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह में शनिवार देर रात अज्ञात युवकों ने 18 वर्षीय युवक की धारदार पेपर कटर से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी गौरव सेन (18) के रूप में हुई है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे गौरव किसी काम से बाहर गया था। घर लौटते समय स्वर्ण जयंती चौक के पास पहले से मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और पेपर कटर से उसकी जांघ पर लगातार कई वार किए।

हमले में गौरव की जांघ की मुख्य नस कट जाने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले।

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित