रायपुर , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महंगे 'ओजी' (ओशियन ग्रोथ) गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आज यहां बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अत्यधिक कीमत वाले इस गांजे की आपूर्ति दिल्ली से कुरियर के माध्यम से की जा रही थी, जिसे शहर में हाईप्रोफाइल ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिल्ली निवासी रितिक पसरिचा (26) को गिरफ्तार किया। आरोपी शंकर नगर स्थित अशोका हाईट्स में किराए के मकान में रह रहा था और वहीं से गांजे की सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 11 अप्रैल को आरोपी कटोरा तालाब क्षेत्र में एक ग्राहक को गांजा देने पहुंचा था। पहले से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 114 ग्राम 'ओजी' गांजा, मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 3.62 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ समय से रायपुर में सक्रिय था और दिल्ली से कुरियर के जरिए गांजे की खेप मंगवाकर सप्लाई करता था। आरोपी पेशे से बार सिंगर बताया गया है और म्यूजिक एलबम बनाने के नाम पर रायपुर में रह रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित