रायपुर , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है, जहां प्लाईवुड कंपनी के एक कर्मचारी से 35 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने 'आधा नोट' मिलान की पुरानी ट्रिक का इस्तेमाल करते हुए हवाला से जुड़ी रकम लेकर फरार हो गए।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कर्मचारी अपने मालिक के निर्देश पर रायपुर आया था, जहां उसे एक व्यापारी से नकद राशि लेकर दूसरे व्यक्ति को सौंपनी थी। पहले चरण में सौदा सामान्य तरीके से हुआ, लेकिन दूसरे चरण में आरोपियों ने नकली सीरियल नंबर वाले आधे नोट का सहारा लेकर कर्मचारी को झांसा दे दिया।

बताया गया कि आरोपी ने निर्धारित स्थान पर आधा नोट दिखाया, जिसका सीरियल नंबर पहले से साझा किए गए नंबर से मेल खाता प्रतीत हुआ। इस पर भरोसा कर कर्मचारी ने पूरी रकम सौंप दी। बाद में जब उसने नोट की तस्वीर अपने मालिक को भेजी, तो सीरियल नंबर फर्जी पाया गया और ठगी का खुलासा हुआ।

घटना की शिकायत तेलीबांधा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, जिन मोबाइल नंबरों के जरिए संपर्क किया गया, उनके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मामले में हवाला लेन-देन की आशंका को देखते हुए आयकर विभाग को भी सूचित किया गया है। विभाग ने धन के स्रोत और संबंधित लेन-देन की जांच प्रारंभ कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित