रायपुर , अगस्त 04 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में 3 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। विधानसभा अंडरब्रिज सर्विस रोड के पास भुवंस स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
विधानसभा थाना पुलिस के अनुसार, अंडरब्रिज के पास रहने वाले राजा देवार का 3 साल का बेटा मुन्ना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे हादसे का शिकार हुआ। बताया गया कि भुवंस स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, इसी दौरान सर्विस रोड पर अचानक बच्चा बस की चपेट में आ गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बस चालक धलेंद्र साहू को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मामले में बस चालक और कंडक्टर से थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मृतक बच्चे के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाना पहुंच गए। उन्होंने आरोपी बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित